आपात स्थिति में अरुणोदय लाभार्थियों को 10 हजार रुपये तक का अग्रिम देने की तैयारी
गुवाहाटी, 01 अगस्त (हि.स.)। असम सरकार अपनी प्रमुख जनकल्याणकारी योजना अरुणोदय के तहत लाभार्थी महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में 10 हजार रुपये तक की अग्रिम वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को अरुणोदय 3 लांचिंग कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत जरूरतमंद लाभार्थियों को तत्काल अग्रिम राशि दी जाएगी, जिसकी वसूली बाद में अरुणोदय योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता से छोटी-छोटी किस्तों में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य की लगभग 37 लाख महिलाएं अरुणोदय योजना से लाभान्वित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना राज्य सरकार की सबसे महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं में से एक है।
मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लाभार्थियों के बैंक खातों को आधार से जोड़ा जा रहा है। इस प्रक्रिया के चलते लगभग 17 हजार लाभार्थियों के भुगतान में अस्थायी विलंब हो सकता है, लेकिन सरकार जल्द ही इस समस्या का समाधान कर समय पर राशि उपलब्ध कराएगी।
उल्लेखनीय है कि इसी बीच मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित अरुणोदय लाभार्थियों को अतिरिक्त 2,500 रुपये की सहायता देने की घोषणा कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रत्येक क्षेत्र में एक-एक अरुणोदय सारथी की जिम्मेदारी तय की है, जो लाभार्थियों की सहायता करने और योजना से संबंधित समस्याओं के समाधान में सहयोग करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

