सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत
धुबड़ी (असम), 28 नवंबर (हि.स.)। धुबड़ी जिले के चापर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौबारी हिंदुपारा में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बंगाईगांव जिले के निवासी नमल राय के रूप में हुई है।
चापर पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार देर रात बहलपुर-कोकराझार मार्ग पर हुआ। नमल राय बाइक (एएस-19टी-4175) से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का अनुमान है कि बाइक चलाते समय चालक ने नियंत्रण खो दिया होगा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना मिलने पर चापर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

