home page

मोरीगांव सड़क हादसे में दो मासूम बहनों की मौत, मां गंभीर

 | 
मोरीगांव सड़क हादसे में दो मासूम बहनों की मौत, मां गंभीर


मोरीगांव (असम), 19 नवंबर (हि.स.)। असम के मोरीगांव जिले के कपाहेरा घुमटी गांव में गुरुवार काे सड़क हादसे में दो मासूम बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल मां का गुवाहाटी में इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवज्योति बोरा अपने परिवार के साथ हाबी-बरंगाबारी से निजी वाहन से घर लौट रहे थे। वाहन में उनकी पत्नी और दोनों बेटियां भी सवार थीं। इसी दौरान घुमटी गांव में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। मृत बच्चियों की पहचान 9 वर्षीय निहा बोरा और दो महीने की हर्षिता बोरा के रूप में हुई है। उनकी मां जोन बोरा की हालत गंभीर बताई जा रही है।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बच्चियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मां को बेहतर उपचार के लिए गुवाहाटी ले जाया गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश