मिकिरभेटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 33 मवेशी बरामद; दो गिरफ्तार
मोरीगांव (असम), 04 सितम्बर (हि.स.)। अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी के खिलाफ मिकिरभेटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 मवेशियों को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर देर आज तड़के करीब 4:30 बजे विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एएस-01केसी-0574 नंबर के एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने ट्रक से कुल 33 मवेशी बरामद किए।
पुलिस ने मवेशियों के साथ कथित तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया है। मामले में संलिप्तता के आरोप में दिलदार हुसैन (27) और अली अकबर (29) को गिरफ्तार किया गया।
यह अभियान एसआई मानस ज्योति सैकिया के नेतृत्व में मिकिरभेटा पुलिस की टीम ने चलाया। दोनों गिरफ्तार किए गए आरोपितों को मिकिरभेटा पुलिस थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

