असम में उर्वरक उपलब्धता और ऑयल पाम मिशन की कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने की समीक्षा
गुवाहाटी, 11 अगस्त (हि.स.)। असम के कृषि मंत्री पीयूष हजारिका ने मंगलवार को जनता भवन स्थित कार्यालय में दो समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता की। बैठकों में राज्य में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण तथा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम की प्रगति की समीक्षा की गई।
उर्वरक उपलब्धता को लेकर हुई बैठक में मंत्री ने कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की। बैठक में असम में उर्वरक पहुंचाने वाले 12 रैक प्वाइंट की स्थिति की भी समीक्षा की गई। हजारिका ने उर्वरकों के परिवहन और वितरण को तेज एवं सुचारु बनाने के लिए रैक प्वाइंट की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को संबंधित केंद्रीय मंत्रालय के समक्ष उठाया जाएगा।
मंत्री ने असम में कार्यरत सभी नौ उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों को पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने और विशेष रूप से फसल के मौसम में किसी भी तरह की कमी नहीं होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों को उचित कीमत पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा अधिक कीमत वसूलने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए निगरानी मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में राज्य में स्थानीय स्तर पर उत्पादित उर्वरकों को प्राथमिकता देने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया, ताकि स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ राज्य में उर्वरकों की उपलब्धता बेहतर की जा सके।
दूसरी बैठक में राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम के तहत वित्त वर्ष 2026-27 के मासिक लक्ष्यों और उपलब्धियों की समीक्षा की गई। हजारिका ने संबंधित कंपनियों को ऑयल पाम की खेती से जुड़ी गतिविधियों में तेजी लाने और प्रदर्शन में सुधार करने का निर्देश दिया।
राज्य के विभिन्न जिलों के जिला कृषि अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा किसानों को ऑयल पाम योजना के तहत उपलब्ध लाभ और सहायता के बारे में जागरूक करने का निर्देश दिया।
हजारिका ने कहा कि खाद्य तेल के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य में असम की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए मिशन का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

