असम के मेरापानी में 15 लाख की अवैध शराब जब्त
गोलाघाट (असम), 23 अप्रैल (हि.स.)। असम के गोलाघाट जिले के सीमावर्ती क्षेत्र मेरापानी में पुलिस ने एक बड़े अभियान के दौरान लगभग 15 लाख रुपये की अवैध अरुणाचली शराब जब्त की है।
पुलिस ने गुरुवार काे बताया कि तेजपुर से नगालैंड ले जाने के उद्देश्य से इस शराब को एक ट्रक (एएस01 सीसी 2143) में सीमेंट की बोरियों के बीच छिपाकर लाया जा रहा था। बताया गया है कि ये सीमेंट की बोरियां शोणितपुर जिले के बालीपाड़ा से लोड की गई थीं।
मेरापानी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर ट्रक को रोक लिया और तलाशी के दौरान अवैध शराब बरामद की। इस दौरान पुलिस ने ट्रक चालक ललित सिंह (मणिपुर निवासी) और हेंडिमैन प्रेम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई शराब विभिन्न ब्रांडों की है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इसकी बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपये से अधिक है। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच के लिए पुलिस ने जांच जारी रखी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

