home page

मेरापानी में अतिक्रमण हटाओ अभियान की तैयारी तेज, 59 परिवारों में चिंता

 | 

गोलाघाट (असम), 28 मई (हि.स.)। असम के गोलाघाट जिले के मेरापानी क्षेत्र स्थित 2 नंबर नेघेरीबिल में एक बार फिर बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होने की तैयारी है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के गठन के बाद इस कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

वन विभाग के विशेष मुख्य सचिव एमके यादव ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान वन विभाग, जिला प्रशासन और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों की इस मौजूदगी के बाद इलाके में रह रहे 59 परिवारों के बीच चिंता का माहौल देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गौहाटी उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद वन विभाग और जिला प्रशासन ने अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया फिर से शुरू करने की तैयारी की है। इससे पहले भी इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन मामला अदालत में जाने के बाद प्रक्रिया पर रोक लग गई थी।

गुरुवार के दौरे के दौरान अधिकारियों ने चिन्हित अतिक्रमित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और मौजूदा स्थिति का आकलन किया। इस दौरान गोलाघाट की जिला आयुक्त पूवाली गोहाईं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जन दास और वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

वन विभाग की ओर से बताया गया है कि 2 नंबर नेघेरीबिल के 59 परिवारों और उरियामघाट के 11 परिवारों को पहले ही विस्थापन के लिए नोटिस जारी किए जा चुके हैं। विभाग के अनुसार, अदालत से अंतिम अनुमति मिलते ही जून के पहले हिस्से में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

इस संभावित कार्रवाई को लेकर इलाके में तनाव और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के संकेत दिए हैं। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय