दस सितंबर तक असम-मेघालय के बीच सामान्य वाहनों की आवाजाही बहाल
गुवाहाटी, 24 अगस्त (हि.स.)। मेघालय सरकार और विभिन्न पर्यटक टैक्सी संगठनों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद असम और मेघालय के बीच सामान्य वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बहाल कर दी गई है। यह व्यवस्था 10 सितंबर तक जारी रहेगी। इससे पांच दिनों से जारी परिवहन गतिरोध के कारण परेशान हजारों यात्रियों और पर्यटकों को राहत मिली है।
समझौते के तहत दोनों राज्यों के व्यावसायिक और पर्यटक वाहनों को बिना किसी प्रतिबंध, धमकी या बाधा के परिचालन की अनुमति दी गई है। यह समाधान मेघालय के उपमुख्यमंत्री स्नियावभालंग धर और वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में हुई बैठक के बाद सामने आया।
स्थायी समाधान निकालने के लिए दोनों राज्यों के परिवहन अधिकारियों और टैक्सी संगठनों की संयुक्त बैठक 10 सितंबर के आसपास आयोजित की जाएगी।
सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए मेघालय सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। मामले में 15 एफआईआर दर्ज की गई हैं और शुरुआती हिंसा में कथित रूप से शामिल पांच लोगों की पहचान की गई है।
दरअसल, 19 अगस्त को शिलांग में खासी स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) की बाइक रैली के दौरान असम नंबर वाले कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई थी। इसके बाद असम के टैक्सी संचालकों ने असम के जोराबाट और खानापाड़ा जैसे महत्वपूर्ण प्रवेश मार्गों पर मेघालय नंबर वाले व्यावसायिक वाहनों को रोक दिया था। इससे गुवाहाटी-शिलांग के बीच प्रमुख परिवहन संपर्क प्रभावित हुआ।
विवाद की एक प्रमुख वजह मेघालय के स्थानीय टैक्सी संगठनों की लंबे समय से चली आ रही यह मांग भी है कि राज्य में स्थानीय दर्शनीय स्थलों की सैर कराने वाले बाहरी राज्यों के व्यावसायिक वाहनों पर प्रतिबंध लगाया जाए। ताजा समझौते से दोनों राज्यों के बीच तनाव कम होने और परिवहन व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

