home page

जोराबाट में तीसरे दिन भी कैब चालकों का प्रदर्शन, कोईनाधारा में अहम बैठक आज

 | 
जोराबाट में तीसरे दिन भी कैब चालकों का प्रदर्शन, कोईनाधारा में अहम बैठक आज


गुवाहाटी, 22 अगस्त (हि.स.)। जोरबाट में कैब चालकों का प्रदर्शन शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तेज होने के साथ प्रदर्शनकारियों ने मेघालय से असम आने वाले वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उच्च पदस्थ अधिकारी मौके पर पहुंचकर माफी नहीं मांगते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कैब चालकों ने मेघालय में हालिया विरोध-प्रदर्शन के दौरान क्षतिग्रस्त हुए वाहनों के लिए उचित मुआवजे की भी मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा है कि जब तक मेघालय सरकार असम के चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। इसके चलते असम-मेघालय सीमा पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

वहीं दूसरी ओर असम और मेघालय को जोड़ने वाले जोराबाट के अलावा अन्य लगभग तीन स्थानों पर कैब चालकों ने मेघालय के वाहनों को असम में प्रवेश करने से रोक दिया है। जिसके चलते स्थिति धीरे-धीरे विकट होती जा रही है। असम-मेघालय के प्रमुख संपर्क मार्गों पर कैब चालक धरने पर बैठे हुए हैं।

इसी बीच, असम और मेघालय के बीच उत्पन्न स्थिति को लेकर शनिवार को कोईनाधारा में एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। बैठक में असम की ओर से मंत्री अतुल बोरा शामिल होंगे। वहीं, मेघालय सरकार का प्रतिनिधिमंडल भी बैठक में मौजूद रहने की संभावना है।

उधर, मेघालय के विभिन्न इलाकों में असम से गए कई पर्यटक अभी भी फंसे हुए हैं। उनके परिजनों ने पर्यटकों को जल्द सुरक्षित असम वापस लाने के लिए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश