home page

एमएसी चुनावों के लिए 268 और एसकेएसी चुनावों के लिए 163 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

 | 

गुवाहाटी, 11 नवंबर (हि.स.)। मिसिंग स्वायत्त परिषद (एमएसी) और सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद (एसकेएसी) के लिए 30 नवंबर को होने वाले चुनावों के वास्ते नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 10 नवंबर को पूरी हो गई। मिसिंग स्वायत्त परिषद के 40 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 268 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इसी तरह, सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद के 32 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 163 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।

ज्ञात हो कि, मिसिंग स्वायत्त परिषद चुनावों में कुल 6,35,493 मतदाता 40 निर्वाचन क्षेत्रों में बने 1,032 मतदान केंद्रों के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन 40 निर्वाचन क्षेत्रों में से 28 अनुसूचित जनजाति (एसटी) के उम्मीदवारों के लिए और 7 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 5 निर्वाचन क्षेत्र सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए खुले हैं। इसी तरह, सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद चुनावों में कुल 1,63,966 मतदाता 32 निर्वाचन क्षेत्रों में बने 337 मतदान केंद्रों के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 25 निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जनजाति (एसटी) के उम्मीदवारों के लिए और 6 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 1 निर्वाचन क्षेत्र सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए खुला है।

गौरतलब है कि दोनों स्वायत्त परिषदों में चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से, असम राज्य चुनाव आयोग ने कुल 45 चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। इसके अलावा, आयोग ने चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार के लिए अधिकतम चुनावी खर्च की सीमा 2 लाख रुपये तय की है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय