home page

असम के कछार में तेल टैंकर से 5,495 लीटर से अधिक शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

 | 
असम के कछार में तेल टैंकर से 5,495 लीटर से अधिक शराब जब्त, चालक गिरफ्तार


कछार (असम), 31 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कछार जिले में पुलिस ने मणिपुर जा रहे एक तेल टैंकर को रोककर भारी मात्रा में भारत में निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) और बीयर जब्त की है। इस मामले में टैंकर चालक को गिरफ्तार किया गया है।

कछार पुलिस मुख्यालय की ओर से शनिवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर मणिपुर की ओर जा रहे एक तेल टैंकर (एनएल-01जी-6208) को जिरीघाट चेक पोस्ट पर रोका गया। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच वाहन की तलाशी ली गई। इस दौरान टैंकर के तेल भंडारण वाले हिस्से में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। शराब की बोतलों और कैन पर ‘केवल अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए’ अंकित था।

पुलिस के अनुसार, जब्त शराब में किंगफिशर बीयर के 205 कार्टून शामिल हैं। प्रत्येक कार्टून में 500 एमएल के 24 कैन थे। इस तरह कुल 4,920 कैन यानी 2,460 लीटर बीयर बरामद हुई। इसके अलावा बडवाइजर बीयर के 45 कार्टून से 500 एमएल के कुल 1,080 कैन (540 लीटर) जब्त किए गए।

रॉयल स्टैग व्हिस्की के 15 कार्टून से 750 एमएल की 135 बोतलें (101.25 लीटर) बरामद हुईं। वहीं, स्टर्लिंग रिजर्व बी7 के 32 कार्टून में कुल 1,212 बोतलें (279.72 लीटर) मिलीं। इनमें 750 एमएल की 108 बोतलें और 180 एमएल की 1,104 बोतलें शामिल हैं।

इसके अलावा ओल्ड मोंक रम के 60 कार्टून से 180 एमएल की कुल 2,880 बोतलें (518.40 लीटर) जब्त की गईं। मैजिक मोमेंट्स वोदका के 31 कार्टून से अलग-अलग आकार की कुल 744 बोतलें (276.48 लीटर) बरामद हुईं। इनमें 375 एमएल की 240, 750 एमएल की 168 और 180 एमएल की 336 बोतलें शामिल हैं।

पुलिस ने ट्यूबोर्ग बीयर के 80 कार्टून से 500 एमएल के कुल 1,920 कैन (960 लीटर) और रॉयल स्टैग व्हिस्की के 40 कार्टून से 375 एमएल की 960 बोतलें (360 लीटर) भी जब्त कीं।

इस तरह पुलिस ने कुल 508 कार्टून में रखे 13,851 कैन और बोतलें जब्त की हैं। इनमें कुल 5,495.85 लीटर शराब और बीयर शामिल है। गिरफ्तार चालक की पहचान रोशन कुमार राय के रूप में हुई है। वह गुवाहाटी के गोरचुक थाना क्षेत्र के कटाबारी शांतिपथ स्थित मकान नंबर 102, वार्ड नंबर 13 का निवासी है। पुलिस ने टैंकर, शराब, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ‘केवल अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए’ अंकित शराब की इस खेप को अवैध कारोबार के उद्देश्य से मणिपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कहा कि मामले में कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय