डिब्रूगढ़ में प्रस्तावित विधानसभा परिसर की योजना की समीक्षा, अध्यक्ष ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
गुवाहाटी, 09 जुलाई (हि.स.)। डिब्रूगढ़ में प्रस्तावित असम विधानसभा परिसर एवं विधायकों के आवास निर्माण को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास की अध्यक्षता में गुरुवार को विधानसभा परिसर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत लोक निर्माण (भवन) विभाग द्वारा प्रस्तावित विधानसभा परिसर की विस्तृत योजना की प्रस्तुति के साथ हुई। अध्यक्ष ने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परियोजना में कुछ महत्वपूर्ण संशोधनों का सुझाव दिया, ताकि इसे एक आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त विधानसभा परिसर के रूप में विकसित किया जा सके।
उन्होंने विधानसभा सचिवालय भवन, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के सरकारी आवास, विधायकों के आवास तथा विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों के आवास सहित विभिन्न सुविधाओं को बेहतर ढंग से शामिल करने के सुझाव दिए। साथ ही विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्तावित संशोधनों का विवरण मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में लोक निर्माण (भवन) विभाग के विशेष आयुक्त एवं विशेष सचिव राज चक्रवर्ती, मुख्य अभियंता महेंद्र मोहन दास, विधानसभा सचिव राजीव भट्टाचार्य, अतिरिक्त सचिव इंद्रजीत मजूमदार तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

