home page

असम में अवैध आरा मिलों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू

 | 
असम में अवैध आरा मिलों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू


गुवाहाटी, 30 जून (हि.स.)। असम के वन मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने मंगलवार को राज्यभर में संचालित अवैध आरा मिलों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सभी अवैध आरा मिलों की पहचान कर उन्हें जब्त और स्थायी रूप से बंद किया जाएगा।

वन मंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अवैध आरा मिलें संचालित होती पाई जाएंगी, वहां के रेंज अधिकारी और प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लाइसेंस प्राप्त आरा मिलों का भी सघन निरीक्षण किया जाएगा ताकि वे लाइसेंस की शर्तों और वैध दस्तावेजों के अनुरूप ही संचालित हों।

मंत्री ने लोगों से अभियान में सहयोग की अपील करते हुए अवैध आरा मिलों तथा वन अधिकारियों की कथित मिलीभगत की जानकारी गोपनीय रूप से हेल्पलाइन नंबर 94352-04444 पर देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार असम के वनों की सुरक्षा के लिए अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश