असम में 61,500 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ शुरू
गुवाहाटी, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा, सुशासन और समर्पण की यात्रा के उपलक्ष्य में असम में रविवार से तीन चरणों वाले ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यह कार्यक्रम राज्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे महीने भर के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के पहले चरण का आयोजन रविवार को कामरूप महानगर, नलबाड़ी, दरंग, ग्वालपाड़ा, तामुलपुर और होजाई जिलों में किया गया। इसके तहत राज्य के करीब 61,500 आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने पार्टी मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से जारी एक बयान में बताया कि शेष 29 जिलों को कार्यक्रम के दूसरे और तीसरे चरण में क्रमशः 4 और 11 अक्टूबर को शामिल किया जाएगा।
असम सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग और भाजपा महिला मोर्चा, असम प्रदेश के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पैदा करने पर जोर दिया जा रहा है। पोषण को केंद्र में रखकर विशेष गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा मध्याह्न भोजन कर्मियों को 1,000 रुपये की राशि का चेक और मुख्यमंत्री प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किया जा रहा है।
पहले चरण में छह जिलों के कुल 16,498 आंगनबाड़ी केंद्रों ने भाग लिया। कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता अजंता नेओग ने डिमोरिया विधानसभा क्षेत्र के तोपातली करकाबस्ती मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने सिपाझार विधानसभा क्षेत्र के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 454 में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और बच्चों के बीच पौष्टिक आहार वितरित किया।
गुवाहाटी शहर में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के ओएसडी हेमंत चौधरी, सीडीपीओ हीरा काकोती और पार्षद अर्चना दास ने जालुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के नीलाचल मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 187 में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान बच्चों के बीच पौष्टिक आहार और फल आदि वितरित किए गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को 1,000 रुपये के चेक भी सौंपे गए।
केदार रोड, माछखोवा एफए रोड आदि केंद्रों के कार्यक्रमों में पार्षद सौरव झुनझुनवाला, सुपरवाइजर डॉली शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इन कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को चेक वितरित किए गए तथा बच्चों को पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

