home page

असमः लखीपुर में ड्रग्स तस्करों की गोलीबारी में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल

 | 
असमः लखीपुर में ड्रग्स तस्करों की गोलीबारी में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल


कछार (असम), 06 मई (हि.स.)। कछार जिलांतर्गत लखीपुर इलाके में बीती रात मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे एक अभियान के दौरान, संदिग्ध ड्रग्स तस्करों की गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह घटना जिरीघाट के डिगलांग इलाके में बीती देर रात तब हुई जब पुलिस की एक टीम ने ड्रग्स तस्करों को पकड़ने के लिए मिली विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर एक अभियान शुरू किया था। बताया जा रहा है कि इस अभियान के दौरान, पुलिस टीम पर तस्करों की ओर से अचानक गोलीबारी शुरू हो गई।

घायल पुलिसकर्मी की पहचान शरीफ हुसैन काजी के रूप में हुई है, जिन्हें पेट समेत शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगी हैं। उन्हें तुरंत अलीपुर बुरोज़ मेमोरियल क्रिश्चियन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर बाद में सिलचर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सूत्रों ने उनकी हालत को गंभीर बताया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह अभियान लखीपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में चलाया गया था। जब टीम ने उस सुनसान इलाके में संदिग्ध तस्करों का सामना किया, तो आरोपितों ने गोलीबारी शुरू कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकलने में कामयाब हो गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। हमलावरों का पता लगाने के लिए सिलचर से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल, हमलावरों की तलाश में एक तलाशी अभियान जारी है। हालांकि, जांच जारी होने के कारण अभी और अधिक विवरणों का इंतजार है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय