नगांव लोकसभा उपचुनाव : असम के लाहोरीघाट में हुई भाजपा की पहली चुनावी सभा
मोरीगांव (असम), 31 अगस्त (हि.स.)। असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को लाहोरीघाट में विशाल जनसभा के साथ अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। पार्टी की ओर से आयोजित सभा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने का दावा किया गया।
असम के मंत्री पीयूष हजारिका की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई अल्पसंख्यक नेताओं समेत 100 से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के अनुसार, इन लोगों ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व तथा भाजपा की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने का फैसला किया।
सभा के दौरान कुछ लोगों ने अल्लाह के नाम पर शपथ लेते हुए आगामी उपचुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की बात कही।
नगांव लोकसभा सीट कांग्रेस नेता प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। बोरदोलोई ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और विधायक बने। इसके बाद नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव हाेनी है।
पीयूष हजारिका ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया कि असम की जनता कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को पहले ही नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की ओर से आयोजित सभाओं में भी अब लोग शामिल होने के लिए इच्छुक नहीं हैं।
एक अन्य पोस्ट में हजारिका ने कहा कि नगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से समर्पित भाव से काम करने और नगांव लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के संगठनात्मक आधार को और मजबूत करने का आह्वान किया।
भाजपा की इस जनसभा के साथ ही नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए चुनावी गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। आने वाले दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रचार अभियान और राजनीतिक गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

