home page

कोकराझार में आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
कोकराझार में आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


कोकराझार (असम), 04 नवंबर (हि.स.)। कोकराझार जिले में आपदा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कोकराझार राजस्व चक्र कार्यालय की ओर से जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (डीडीआरएफ) के सहयोग से कार्यालय परिसर में आपदा जागरूकता अभियान एवं भवन निकासी अभ्यास (बिल्डिंग इवैकुएशन ड्रिल) का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकारी अधिकारियों, कार्यालय कर्मचारियों तथा आम नागरिकों के बीच आपदा के समय सतर्कता, सुरक्षा और त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करना था। कार्यक्रम के दौरान डीडीआरएफ की टीम ने प्राथमिक उपचार एवं आपातकालीन बचाव से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। इसमें घायलों को पट्टी बांधने, सुरक्षित तरीके से घायल व्यक्तियों को स्थानांतरित करने तथा मरीजों के उचित प्रबंधन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर राजस्व चक्र अधिकारी, तहसील कार्यालय के कर्मचारी, लॉट मंडल, अन्य कार्यालय कर्मियों तथा विभिन्न कार्यों से कार्यालय पहुंचे नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं प्राथमिक उपचार की बुनियादी तकनीकों से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में भवन निकासी का मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। इस दौरान आपातकालीन स्थिति की कल्पना करते हुए कार्यालय परिसर से सभी प्रतिभागियों को निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए व्यवस्थित एवं शीघ्र बाहर निकलने का अभ्यास कराया गया। इसके माध्यम से आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता बरतने, अनुशासन बनाए रखने और निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने के महत्व पर जोर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि कोकराझार राजस्व चक्र कार्यालय की यह पहल जिले में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सरकारी कार्यालयों को अधिक सुरक्षित एवं आपदा प्रतिरोधी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा