home page

श्रीरामपुर में तस्करी के लिए लाए जा रहे 15 भैंसे जब्त, दो चालक गिरफ्तार

 | 

कोकराझार (असम), 30 अप्रैल (हि.स.)। असम- पश्चिम बंगाल सीमा स्थित श्रीरामपुर क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के उद्देश्य से लाए जा रहे 15 भैंसों को जब्त किया है। इस दौरान पशुओं को ले जा रहे ट्रक को भी कब्जे में लिया गया तथा दो चालकों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोसाईगांव महकमा अंतर्गत शिमुलटापु पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल की ओर से एक वाहन में अवैध रूप से भैंसे लाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी संजीव हैंडिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर नाका बंदी कर तलाशी अभियान चलाया।

आज दोपहर करीब 2 बजे असम की ओर आ रहे संदिग्ध वाहन को श्रीरामपुर पुलिस नाके पर रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में भूसे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 15 भैंसे बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि टाटा कंपनी के 710 मॉडल ट्रक (एएस-28ओसी-0664) में भैंसों को छिपाकर लाया जा रहा था। जब वाहन चालकों से पशुओं के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों चालकों शाहिदुल इस्लाम और राकिबुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि भैंसों को बिहार के अररिया से गुवाहाटी ले जाया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि गुवाहाटी के जाहिरुल नामक व्यापारी ने इन पशुओं को मंगवाया था। गिरफ्तार दोनों चालकों का घर बरपेटा जिले के हाउली क्षेत्र में बताया गया है।

उल्लेखनीय है कि इसी महीने पुलिस ने सब्जी लदे दो वाहनों से भी मवेशी जब्त किए थे। इसके बावजूद तस्कर लगातार नए तरीकों से मवेशियों की अवैध ढुलाई करने का प्रयास कर रहे हैं।

शिमुलटापु पुलिस चौकी प्रभारी संजीव हैंडिक ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिन-रात कड़ी निगरानी रखी जा रही है, जिसके कारण लगातार तस्करी में इस्तेमाल वाहनों को पकड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार में शामिल गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा