काजीरंगा सड़क हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश, गोलाघाट के डीटीओ निलंबित
-छह प्रवर्तन अधिकारी भी पहले ही किए जा चुके हैं निलंबित-मिनीबस और कंटेनर ट्रक की टक्कर में हुई थी 26 लोगों की मौत-दो सप्ताह में रिपोर्ट सौंपेंगे अतिरिक्त मुख्य सचिव
गुवाहाटी, 17 नवंबर (हि.स.)। असम सरकार ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास रंगाजान में 13 नवंबर को हुए भीषण सड़क हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 20 अन्य घायल हुए थे। प्रशासनिक निगरानी में कथित लापरवाही के आरोप में गोलाघाट के जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) राजीव पेगू को निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले गोलाघाट प्रशासन छह प्रवर्तन अधिकारियों को भी निलंबित कर चुका है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव केसी समरिया जांच का नेतृत्व करेंगे। उन्हें दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जांच में हादसे के कारणों के साथ-साथ जिम्मेदारी तय की जाएगी और यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं प्रशासनिक स्तर पर कोई चूक या लापरवाही तो नहीं हुई।
सीएमओ के अनुसार, गोलाघाट के डीटीओ राजीव पेगू को प्रशासनिक निगरानी और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने में कथित विफलता के कारण निलंबित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास रंगाजान में एक मिनीबस की कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि महिलाओं और बच्चों समेत 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए।
घायलों में करीब 15 लोगों का अब भी इलाज चल रहा है। इनमें एक घायल डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में किया जा रहा है।
हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मृतकों के परिजनों को नौ-नौ लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। इस राशि में केंद्र सरकार की ओर से दी जाने वाली दो लाख रुपये की सहायता भी शामिल है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

