home page

काजीरंगा सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री सरमा ने जताया गहरा दुख, घायलों को बेहतर इलाज का भरोसा

 | 
काजीरंगा सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री सरमा ने जताया गहरा दुख, घायलों को बेहतर इलाज का भरोसा


गुवाहाटी, 13 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को काजीरंगा में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि इस बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर से वह आहत हैं और इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को हुए अपूरणीय नुकसान की भरपाई किसी भी शब्द से नहीं की जा सकती। दुख की इस घड़ी में उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं और पूरा असम उनके साथ खड़ा है।

डॉ. सरमा ने कहा कि दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बिना किसी देरी के बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद रहकर बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मृतकों के शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश