जिला आयुक्त ने की कामरूप में जल एवं स्वच्छता मिशन की प्रगति की समीक्षा
गुवाहाटी, 31 अगस्त (हि.स.)। कामरूप ग्रामीण जिला के आयुक्त देव कुमार मिश्र ने सोमवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में जलापूर्ति एवं स्वच्छता परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया गया।
एकीकृत डीसी कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए आयुक्त ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचई) विभाग के अधिकारियों और संबंधित विभागों को गैर-कार्यशील जलापूर्ति योजनाओं की पहचान कर तत्काल क्षेत्रीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रखंडवार पाइप जलापूर्ति योजना के वितरण, गैर-कार्यशील जल इकाइयों को फिर से चालू करने तथा स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने परियोजनाओं में देरी रोकने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और मजबूत तालमेल सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक में कामरूप जिला परिषद के सीईओ सिद्धार्थ गोस्वामी, एडीसी (पीएचई) मोनिका बरगोहाईं, उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सहायक कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, पीएचई विभाग के अधिकारी, प्रखंड विकास अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

