कामरूप में माय भारत जिला सलाहकार समिति की पहली बैठक आयोजित
अमीनगांव (असम), 16 जुलाई (हि.स.)। कामरुप जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) सुशांत कुमार दत्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को अमीनगांव स्थित जिला आयुक्त कार्यालय में माय भारत जिला सलाहकार समिति की पहली बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कामरूप जिले में चल रहे माय भारत पंजीकरण अभियान को मजबूत करने की रणनीतियों की समीक्षा की गई और पात्र युवाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीडीसी ने इस पहल के सफल कार्यान्वयन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विभागों से आग्रह किया कि वे जागरूकता पैदा करने और युवाओं के पंजीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए पंचायती राज संस्थानों, शिक्षण संस्थानों और कॉलेजों के साथ मिलकर काम करें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कॉलेज पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाने और जिला प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए अपने-अपने प्रधानाचार्यों के नेतृत्व में आंतरिक समन्वय टीमें गठित करें।
माय भारत खेल मंत्रालय की एक पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को सशक्त, प्रेरित और सक्रिय बनाना है। यह प्लेटफॉर्म 15-29 आयु वर्ग के युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, सामुदायिक सेवा, कौशल विकास और विभिन्न सामाजिक व विकासात्मक पहलों के माध्यम से राष्ट्र-निर्माण में भाग लेने में सार्थक अवसर प्रदान करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

