अवैध शराब के ठेके पर आबकारी और पुलिस की कार्रवाई, एक गिरफ्तार
कामरूप (असम), 16 जून (हि.स.)। कामरूप (ग्रामीण) जिलांतर्गत शुवालकुची में बीती रात अवैध शराब के ठेके पर आबकारी टीम और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान शुवालकुची नगर के प्रवेश द्वार के समीप भारी मात्रा में विदेशी शराब और चुलाई (देसी) शराब बरामद किया गया। कार्रवाई में लगभग तीन लाख रुपये की विदेशी शराब और चुलाई जब्त की गई। साथ ही अवैध शराब व्यापारी मिथुन मरल को भी गिरफ्तार किया गया।
उल्लेखनीय है कि शुवालकुची के मुख्य प्रवेश द्वार के पास लंबे समय से कई अवैध शराब की दुकाने बन गई हैं। इन अवैध शराब के ठिकानों पर सुबह से रात तक देशी-विदेशी शराब खुलकर बिकती है, जिससे इलाके में अक्सर असामाजिक घटनाएं होती रही हैं।
पुख्ता सूचना के आधार पर कामरूप पुलिस के उपाधीक्षक दीपक शर्मा और कामरूप आबकारी निरीक्षक तपन कलिता के नेतृत्व में शुवालकुची पुलिस की मदद से शुवालकुची के प्रवेश द्वार के पास बनी अवैध शराब की दुकानों पर छापेमारी की गई। आबकारी विभाग ने देशी-विदेशी शराब जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

