home page

दक्षिण कामरूप के गरैमारी में ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त, श्रमिक की मौत

 | 
दक्षिण कामरूप के गरैमारी में ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त, श्रमिक की मौत


कामरूप (असम), 22 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण कामरूप के गरैमारी के टुकरापारा में बीती रात हुए एक सड़क हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गयी। बताया गया है कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसके चलते वाहन में सवार एक श्रमिक की मौत हो गयी। इस घटना से इलाके में शोक व्याप्त है।

दुर्घटना में मृत युवक की पहचान टुकरापारा गांव के सोबाहान अली के पुत्र लालचान अली के रूप में की गयी है। मृत व्यक्ति दो बच्चों के पिता थे। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को गुवाहाटी में सड़क मार्किंग का काम पूरा कर ई-रिक्शा चालक समेत कुल सात लोग घर लौट रहे थे, इसी बीच देर रात लगभग 12:30 बजे यह दुर्घटना हुई। शिकायत के अनुसार, ई-रिक्शा की तेज़ गति के कारण चालक अनियंत्रित हो गया और वाहन सड़क पर पलट गया।

इस दुर्घटना में ई-रिक्शा में बैठे अन्य लोगों को भी काफी चोट आई हैं, हालांकि, किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं है। वहीं, ई-रिक्शा के नीचे गिरकर लालचान अली की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ई-रिक्शा में सवार अन्य लोगों ने लालचान अली को तुरंत गरैमारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ज्ञात हो कि लालचान अली परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। उनकी अचानक मौत की खबर फैलते ही परिवार के लोग शोक में डूब गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय