कामरूप (मेट्रो) जिले में डायरिया रोकथाम अभियान का शुभारंभ
गुवाहाटी, 16 जून (हि.स.)। समूचे राज्य के साथ-साथ कामरूप (मेट्रो) जिले में भी आज से डायरिया रोकथाम अभियान शुरू किया गया है। 16 जून से 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित राज्य आयुष्मान आरोग्य मंदिर में किया गया। इसके साथ ही जिले के प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में भी इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
विशेष रूप से जून और जुलाई माह में डायरिया के संभावित प्रकोप को रोकने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है। किसी भी बच्चे की डायरिया के कारण मृत्यु न हो, इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच शौचालय के उपयोग, स्वच्छ तरीके से हाथ धोने की आदत तथा शुद्ध पेयजल के सेवन के महत्व के बारे में जागरूकता फैलायी जाएगी।
आज से शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को शामिल किया जाएगा तथा उन्हें ओआरएस और जिंक टैबलेट वितरित किए जाएंगें। जिले की आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और ओआरएस तथा जिंक टैबलेट का वितरण भी करेंगी।
उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के राज्य, जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ आरोग्य मंदिर के चिकित्सक, नर्स तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

