home page

अंबुबासी के बाद राज्यपाल ने किया कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन

 | 
अंबुबासी के बाद राज्यपाल ने किया कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन


गुवाहाटी, 26 जून (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शुक्रवार को प्रथम महिला कुमुद देवी के साथ अंबुबासी महायोग की निवृत्ति के बाद श्रद्धालुओं के लिए पुनः खुले मां कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मां कामाख्या से असम के लोगों की सुख-समृद्धि, शांति और राज्य के सर्वांगीण विकास की कामना की।

देश के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में से एक अंबुबासी मेले की निवृत्ति के अवसर पर राज्यपाल ने पवित्र शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना कर समाज के सभी वर्गों के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और आस्था से इस वार्षिक आध्यात्मिक आयोजन का सफल आयोजन संभव हुआ।

राज्यपाल ने मंदिर प्रबंधन समिति, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवकों तथा अन्य सभी संबंधित पक्षों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समन्वित और समर्पित प्रयासों से अंबुबासी मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा तथा विविधता में एकता और सौहार्द की भावना का प्रतीक है।

आचार्य ने मेले के दौरान अनुशासन, स्वच्छता और सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी श्रद्धालुओं का भी आभार व्यक्त किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश