वरिष्ठ पत्रकार बलदेव पांडेय का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक
गुवाहाटी, 26 फरवरी (हि.स.)। असम की हिंदी पत्रकारिता के लिए आज अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। वरिष्ठ पत्रकार एवं गुवाहाटी से प्रकाशित पूर्वांचल प्रहरी हिंदी समाचार पत्र से लंबे समय से जुड़े रहे बलदेव पांडेय का गुरुवार काे निधन हो गया। उन्होंने नई दिल्ली स्थित सफदरगंज अस्पताल में दोपहर लगभग 2:30 बजे अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पूर्व उन्हें कैंसर का पता चला था। इसके बाद उनका उपचार मुंबई के टाटा मेमोरियल हास्पिटल में चल रहा था।
प्रथम कीमोथेरेपी के दौरान उन्हें पीलिया हो गया, जिससे उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी रही और अंतत: उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। बलदेव पांडेय पिछले लगभग 15 वर्षों से पूर्वांचल प्रहरी से जुड़े थे। वे अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और समर्पित पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। समाज के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और जनसरोकारों की आवाज बनने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनके निधन पर गुवाहाटी प्रेस क्लब, असम वार्ताजीवी संघ, दिसपुर प्रेस क्लब, असम पत्रकार संघ, गुवाहाटी इकाई सहित कई संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। जीएल पब्लिकेशंस परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की गई। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गयी।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

