जोरहाट जिला परिषद के विभिन्न विभागों के अधिकारी-जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न
जोरहाट (असम), 10 नवंबर (हि.स.)। जोरहाट आवर्त भवन के सभागार में आज जोरहाट जिला परिषद के तत्वावधान में सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जोरहाट जिला परिषद के अध्यक्ष सुरजीत सैकिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण संयुक्त चर्चा एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला परिषद की इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, मरियानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपज्योति कुर्मी, तिताबर के विधायक धीराज गोवाला और टियोक के विधायक विकास सैकिया उपस्थित थे।
बैठक में जोरहाट जिले के डीसी जय शिवानी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार बरुवा, अतिरिक्त जिलाध्यक्ष विपांशी दत्त के अलावा जिले के सभी जिला परिषद सदस्य, सभी आंचलिक पंचायतों के अध्यक्ष, सभी खंड विकास अधिकारी तथा जिले के 24 सरकारी विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों का औपचारिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद स्वागत भाषण और बैठक के मुख्य कार्यक्रम तथा उद्देश्यों को प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के अगले चरण में जोरहाट जिले की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति, सरकारी विभागों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग को मजबूत करने, चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ जनता से सीधे जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कई निर्णय लिये गये।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai

