home page

अवध असम एक्सप्रेस में यात्री का बैग चोरी, रेलवे पुलिस में शिकायत दर्ज

 | 

-मुजफ्फरपुर स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के दौरान वारदात, नकदी, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज लेकर चोर फरार

जोरहाट। (असम), 11 नवंबर (हि.स.)। लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जोरहाट के मरियानी से दिल्ली की यात्रा कर रहे जोरहाट के पत्रकार विनीत कुमार शर्मा उर्फ बंटी का बैग बिहार के मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर अवध असम एक्सप्रेस से चोरी हो गया।

विनीत कुमार शर्मा के भाई सूरज शर्मा ने आज बताया कि विनीत गत 9 नवंबर को ट्रेन संख्या 15909 अवध असम एक्सप्रेस के जरिए मरियानी से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। वह ट्रेन के एसी टू-टियर कोच में सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के समय वह पानी की बोतल खरीदने के लिए कुछ देर के लिए अपने कोच से नीचे उतरे। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाते हुए उनका बैग चोरी कर लिया। जब शर्मा पानी की बोतल लेकर वापस अपने कोच में पहुंचे तो बैग गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला।

घटना के तुरंत बाद उन्होंने रेलवे पुलिस को इसकी सूचना देते हुए शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए जांच करने का अनुरोध किया। शर्मा के अनुसार, चोरी हुए बैग में नकदी, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। बैग चोरी होने के कारण उन्हें यात्रा के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विनीत ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मुजफ्फरपुर स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने तथा संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर चोरी हुए सामान बरामद करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai