home page

जोरहाट में नौ शातिर चोर गिरफ्तार

 | 

जोरहाट (असम), 16 अक्टूबर (हि.स.)। जोरहाट पुलिस ने अभियान चलाकर शहर के विभिन्न इलाकों से नौ शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य का सामान भी बरामद किया है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि बीते कुछ समय से जोरहाट शहर और आसपास के इलाकों में चोरी की कई घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी।

इसी क्रम में गुरुवार रात जोरहाट पुलिस ने कई टीमों का गठन कर रॉयल रोड, फांसी आली, आनंद नगर और लाहटी समेत विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान नौ आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

जोरहाट सदर थाना प्रभारी ऋषिकेश हजारिका ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपित लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान देर दास, जितेन दास, अमरजीत दास, आसिक रहमान, मोहसिन रहमान, रवींद्र सिंह कछवा, गोपाल पांडे, फैजुल शेख और विनायक सान्नाल के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लाखों रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया है। दूसरी ओर, गिरफ्तार आरोपितों ने पत्रकारों के सामने खुद को निर्दोष बताया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि शारदीय दुर्गोत्सव के दौरान आम लोग सुरक्षित वातावरण में पूजा का आनंद ले सकें, इसके लिए जोरहाट पुलिस की ओर से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जा गयी है। साथ ही, शहर और आसपास के क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी और अभियान जारी रहेंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai