जोरहाट जिले में तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ

जोरहाट (असम), 20 नवंबर (हि.स.)। जोरहाट जिले के बुनियादी विकास, जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण दिन रहा। जिले के नागरिकों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति, बाढ़-कटाव से सुरक्षा और शहरी क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त रखने के उद्देश्य से आज एक ही दिन तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं और सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
आज मरियानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रूपज्योति कुर्मी ने शुकानजान पाइप पेयजल आपूर्ति योजना (पीडब्ल्यूएसएस) का औपचारिक शुभारंभ किया और इसके साथ ही 'जल अर्पण दिवस' मनाया गया। एक ऐतिहासिक कदम के रूप में इस योजना को उद्घाटन के पहले दिन से ही 24×7 निरंतर जल आपूर्ति योजना के रूप में जनता को सौंप दिया गया, जो असम में नई शुरू की गई योजनाओं में पहली मिसाल है। योजना के सामूहिक स्वामित्व और स्थिरता को और मजबूत करने के उद्देश्य से जल उपयोगकर्ता समिति (डब्ल्यूयूसी) ने आज मासिक ₹100 का जल शुल्क निर्धारित करने की औपचारिक घोषणा की।
इस कार्यक्रम में जोरहाट जिला परिषद के अध्यक्ष सूरजित सैकिया, जिला आयुक्त जय शिवानी, जनस्वास्थ्य तकनीकी विभाग (जोरहाट) के कार्यकारी अभियंता अजय लाहन, अन्य विभागीय अधिकारीगण तथा स्थानीय पंचायत सदस्य उपस्थित थे।
वहीं, आज निमातीघाट में एशियन विकास बैंक (एडीबी) के अंतर्गत जलवायु सहनीय ब्रह्मपुत्र एकीकृत बाढ़ एवं कटाव जोखिम प्रबंधन परियोजना, असम– जोरहाट, गोलाघाट और विश्वनाथ उप-परियोजना (मंडल-एफ) के अंतर्गत जोरहाट उप-परियोजना का शुभारंभ हुआ। 99 नंबर टियोक विधानसभा क्षेत्र के विधायक विकाश सैकिया ने परियोजना का औपचारिक उद्घाटन किया। जोरहाट जल संसाधन मंडल द्वारा कार्यान्वित यह परियोजना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही बाढ़ और कटाव की समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में जोरहाट जिले के जिला आयुक्त जय शिवानी, शिवसागर जल संसाधन वृत्त के अधीक्षण अभियंता दीपक बोरा और जल संसाधन विभाग के कार्यकारी अभियंता सुब्रत कुमार दास उपस्थित थे।
इसके अलावा, स्वच्छ और स्वस्थ नगर बनाने की दिशा में आज जोरहाट नगरपालिका ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सड़क की धूल नियंत्रण और वातावरण में मौजूद सूक्ष्म धूल कणों को कम करने के उद्देश्य से अत्याधुनिक 'एंटी-डस्ट गन' मशीन का आज शुभारंभ किया गया। यह मशीन बहुत महीन जल कणों का छिड़काव कर सकेगी।
आयुक्त जय शिवानी, जोरहाट नगरपालिका की अध्यक्ष लखिमी खारघरिया, नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी कल्लोल डेका सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में मशीन का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
स्वच्छ सड़क, शुद्ध वायु और एक स्वस्थ पर्यावरण का निर्माण कर सभी के सहयोग से एक उन्नत जोरहाट बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों का सहयोग मांगा।
इसके अतिरिक्त जोरहाट के आयुक्त ने असम सिविल डिफेंस, जोरहाट के नव-निर्मित कार्यालय और भंडार गृह के निर्माण का शुभारंभ तथा शिलान्यास भी किया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सिविल डिफेंस के उप-नियंत्रक सीमांत शर्मा, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, वार्डन, स्वयंसेवक, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यकारी अभियंता तथा अन्य गणमान्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
यह नव-निर्मित कार्यालय और भंडार गृह भविष्य में जोरहाट जिले में सिविल डिफेंस और आपदा प्रबंधन के कार्यों को और अधिक सुचारू रूप से संपन्न करने में विशेष सहायता करेगा।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai

