home page

जोरहाट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

 | 

-सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के संबंध में जिला आयुक्त के कड़े निर्देश

जोरहाट (असम), 21 नवंबर (हि.स.)।जोरहाट जिला आयुक्त कार्यालय के सभागार में जिला आयुक्त जय शिवानी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज आयोजित की गई। आगामी शीतकाल के कोहरे वाले मौसम और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में जिला आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को राष्ट्रीय राजमार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत करने और सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट्स को नियमित रूप से चालू रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा, आगामी कोहरे वाले मौसम में वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा या दृश्यता की समस्या न हो, इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर में लगे अतिरिक्त पेड़-पौधे और झाड़ियों को काटकर साफ करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही एनएचआईडीसीएल को राष्ट्रीय राजमार्ग पर और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को अन्य सड़कों पर सही तरीके से सड़क संकेत और रोड मार्किंग करने को कहा गया।

वहीं, सड़क सुरक्षा कानूनों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान (इंफोर्समेंट) को तेज करने का निर्देश जिला परिवहन अधिकारी को दिया गया। साथ ही, वाणिज्यिक वाहनों में 'स्पीड लिमिटिंग डिवाइस' लगाना सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता फैलाने और 'मिशन मोड' में जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन को अवैध शराब की बिक्री के विरुद्ध संयुक्त रूप से कड़ा अभियान चलाने का निर्देश जिला आयुक्त ने दिया। इसके समानांतर, जोरहाट नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी को शहर के फ्लाईओवर के नीचे व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और यातायात जाम नियंत्रण के लिए एक प्रभावी योजना तैयार करने को कहा गया।

आज की इस बैठक में टियोक, मरियानी और तिताबर के अतिरिक्त जिला आयुक्त, सर्किल अधिकारी, जोरहाट पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी जिला परिवहन अधिकारी, नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai