home page

जोरहाट रास उत्सव और निमातीघाट की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक आयोजित

 | 
जोरहाट रास उत्सव और निमातीघाट की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक आयोजित


जोरहाट (असम), 18 नवंबर (हि.स.)। आगामी रास उत्सव, 2026 की तैयारियों और निमातीघाट की यात्री फेरी सेवा की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर आज जोरहाट जिला आयुक्त कार्यालय के सभागार में अतिरिक्त जिला आयुक्त सुल्ताना अखतर अहमद की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 23 नवंबर से शुरू होने वाले रास उत्सव को जिले में सुचारू रूप से और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के साथ-साथ निमातीघाट की आवागमन व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निमातीघाट की सभी फेरियों और यात्री नौकाओं के लिए कड़े सुरक्षा निर्देशों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अनुसार, निमातीघाट की प्रत्येक फेरी में सभी प्रकार के आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रत्येक यात्री के लिए यात्रा के दौरान लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा, कोई भी फेरी या नाव निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री न ले जाए, इसे कड़ाई से निगरानी और सुनिश्चित करने के लिए आंतरिक जल परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए।

आपातकालीन सेवा और निगरानी के लिए पुलिस प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुरक्षा के हित में घाट क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरा लगाने का भी निर्णय लिया गया।

वहीं, रास उत्सव के दिनों में कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और दर्शकों की सुविधा के लिए जिले की विभिन्न रास आयोजन समितियों के उपस्थित पदाधिकारियों के साथ भी विस्तृत योजना तैयार की गई।

इस बैठक में जिले के सर्किल अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप-पुलिस अधीक्षक, संबंधित विभिन्न विभागों के प्रमुख तथा वरिष्ठ अधिकारी जोरहाट जिले की विभिन्न रास समितियों के प्रतिनिधिगण एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai