home page

नागरिक प्रशासन और रक्षा संस्थान के बीच समन्वय एवं आपसी सम्मान पर जोर

 | 

-जोरहाट में सड़क सुरक्षा जांच अभियान के दौरान सेना के वाहन से जुड़ी घटना पर जिला प्रशासन की सफाई

जोरहाट (असम), 19 नवंबर (हि.स.)। गोलाघाट जिले में हुई दुखद सड़क दुर्घटना में लगभग 26 लोगों की असामयिक मौत के मद्देनज़र, राज्य सरकार ने सभी जिलों को मोटर वाहन अधिनियम और उसके अंतर्गत नियमों का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सड़क सुरक्षा अभियान को तेज करने का निर्देश दिया है। इसी कड़ी में सड़क सुरक्षा बढ़ाने और जीवन बचाने के सामूहिक प्रयास के तहत पूरे राज्य में प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

जोरहाट में ऐसे ही एक नियमित अभियान के दौरान सेना के एक वाहन के चालक द्वारा सीट बेल्ट न पहनने को लेकर उत्पन्न एक घटना से अनजाने में एक असहज स्थिति और कुछ गलतफहमियां पैदा हो गईं। संबंधित जवानों को हुई किसी भी अनिच्छित असुविधा या असहजता के लिए जिला प्रशासन ने खेद जताया है। प्रशासन की ओऱ से स्पष्ट किया गया है कि सशस्त्र बलों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या रक्षा संस्थान का अपमान करने का कोई उद्देश्य नहीं था।

जोरहाट के जिला परिवहन अधिकारी धनंजय सैकिया से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर उक्त घटना की परिस्थितियों की जांच की गई और आज लिचुबाड़ी स्थित 41वीं सब-एरिया के छावनी में जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) की अध्यक्षता में आयोजित एक संयुक्त बैठक में भी इस विषय पर चर्चा की गई। जिला प्रशासन और पुलिस के प्रतिनिधियों की उपस्थिति वाली इस बैठक में घटना के पीछे की परिस्थितियों से अवगत कराया गया और दोनों पक्षों ने सहमति व्यक्त की कि कुछ गलतफहमी और दुष्प्रचार हुआ था। बैठक में नागरिक प्रशासन और रक्षा संस्थान के बीच आपसी विश्वास, समझ और प्रभावी समन्वय बनाए रखने के महत्व पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

तदनुसार, सशस्त्र बलों, आपातकालीन सेवाओं और एम्बुलेंस के कर्तव्य की विशेष प्रकृति और कार्यात्मक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, इन वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते समय प्रवर्तन अधिकारियों को पर्याप्त सावधानी, संवेदनशीलता और विवेक बरतने की सलाह दी गई है। सड़क सुरक्षा के उद्देश्यों को संतुलित और विचारपूर्ण तरीके से लागू करने के साथ-साथ इन वाहनों की विशेष परिस्थितियों के प्रति उचित सम्मान देते हुए उपयुक्त प्रोटोकॉल और आपसी सम्मान से ऐसी स्थितियों को संभालने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन सशस्त्र बलों को सर्वोच्च सम्मान देता है और देश के प्रति उनकी सेवा को गहराई से सराहता है। रक्षा संस्थान के साथ सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक संबंध बनाए रखने तथा चर्चा, आपसी समझ और घनिष्ठ समन्वय के माध्यम से ऐसे किसी भी विषय को सुलझाने के लिए जिला प्रशासन सदैव प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai