home page

जोरहाट में खुदाई के दौरान मिसाइल जैसी विस्फोटक वस्तु बरामद

 | 
जोरहाट में खुदाई के दौरान मिसाइल जैसी विस्फोटक वस्तु बरामद


जोरहाट (असम), 13 अक्टूबर (हि.स.)। असम के जोरहाट जिले के टोकलाई में खुदाई और सफाई कार्य के दौरान मिसाइल जैसी एक विस्फोटक वस्तु बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना के बाद पुलिस और संबंधित विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टोकलाई में खुदाई और सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान वहां संदिग्ध विस्फोटक वस्तु दिखाई दी। इसकी जानकारी मिलते ही जोरहाट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस की एक बड़ी टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद देरगांव से विशेषज्ञों की एक टीम भी मौके पर पहुंची। विशेषज्ञों द्वारा बरामद वस्तु की जांच कर उसकी प्रकृति और संभावित खतरे का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि, वस्तु की वास्तविक प्रकृति, उसके स्रोत और उससे जुड़े संभावित खतरे के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। विशेषज्ञों की जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश