काली पूजा और छठ पूजा को लेकर जोरहाट प्रशासन सख्त, नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
–राय बहादुर लेन काली पूजा समिति को अन्य समितियों से पहले प्रतिमा विसर्जित करने का निर्देश
जोरहाट (असम), 29 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी श्रीश्री काली पूजा एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जोरहाट के एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में जिला आयुक्त जय शिवानी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला आयुक्त ने सभी पूजा समितियों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए पूजा आयोजित करने तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को सहयोग देना सभी समितियों की जिम्मेदारी है।
बैठक में उपस्थित जोरहाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुभ्रज्योति बोरा ने पूजा समितियों को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही सभी पूजा मंडपों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने, उचित प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन के इंतजाम, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी पूजा समितियों को आयोजन से पहले आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। किसी भी व्यक्ति या संस्थान से जबरन चंदा वसूली करने पर संबंधित समिति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पूजा मंडपों में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास व्यवस्था करने तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक तेज आवाज वाले ध्वनि यंत्रों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध का भी उल्लेख किया गया।
प्रतिमा की ऊंचाई के नियम पर प्रशासन का सख्त रुख
बैठक में राय बहादुर लेन काली पूजा समिति की प्रतिमा की ऊंचाई का मामला भी प्रमुखता से उठा। जिला आयुक्त जय शिवानी ने बताया कि ट्रक सहित प्रतिमा की कुल ऊंचाई जमीन से 12 फीट निर्धारित की गई है। इस संबंध में 7 जुलाई, 2025 को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था। हालांकि, विज्ञप्ति के अनुसार, राय बहादुर लेन पूजा समिति की प्रतिमा की ऊंचाई लगभग 18 फीट है।
निर्धारित नियम का उल्लंघन किए जाने के मद्देनजर जिला आयुक्त ने संबंधित पूजा समिति को अन्य सभी समितियों से पहले विसर्जन घाट पर प्रतिमा विसर्जित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिमा की ऊंचाई को लेकर निर्धारित नियमों का पालन सभी पूजा समितियों के लिए अनिवार्य है। भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाली समितियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में केंद्रीय पूजा समन्वय समिति के अध्यक्ष ने भी सभी पूजा समितियों से सरकार और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की।
जिला आयुक्त ने टियोक, मरियानी और तिताबर के उप-जिला आयुक्तों सहित संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूजा समितियों के साथ बैठक करने तथा पूजा स्थलों और विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि पूजा के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में टियोक, मरियानी और तिताबर के उप-जिला आयुक्तों, सहायक जिला आयुक्तों, सहायक आयुक्तों, सर्किल अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, केंद्रीय पूजा समन्वय समिति के पदाधिकारियों तथा जिले की विभिन्न काली पूजा एवं छठ पूजा समितियों के अध्यक्षों, सचिवों और सदस्यों ने भाग लिया
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai

