मुख्यमंत्री जोरहाट की दो परियोजनाओं का 13 को करेंगे उद्घाटन
जोरहाट (असम), 12 सितंबर (हि.स..)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा आगामी रविवार को जोरहाट जिले की दो प्रमुख़ परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसमें नवनिर्मित ज़िला आयुक्त कार्यालय भवन व चिनामरा रेलवे ओवरब्रिज शामिल है।
मुख्यमंत्री रविवार को दिन के 11 बजे इन दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। ज्ञात हो कि आयुक्त कार्यालय भवन के लोकार्पण के साथ ही ब्रिटिशकालीन लाल बिल्डिंग इतिहास बन जाएगी। उद्घाटन के बाद आयुक्त कार्यालय नए भवन में स्थान्तरित कर दिया जाएगा।
वर्षो से लाल बिल्डिंग में डीसी आफिस चल रहा था। समय की मांग को देखते हुए शहर के निकटवर्ती इलाके, राजबाड़ी में डीसी आफिस के एकीकृत बहुमंजिली इमारत का निर्माण किया गया है। यह भवन सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है।
उल्लेखनीय है कि पुराने डीसी कार्यालय को संग्रहालय बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा 64 करोड़ की लागत से बने 5.45 मीटर लंबे दो लेन वाले रेल ओवरब्रिज का भी उद्घाटन करेंगे। इसके शुरू होने से मरियानी व जोरहाट के बीच यातायात सुगम होगा तथा लोगों को अब रेलवे फाटक पर लंबा इंतजार नही करना पड़ेगा।
चिनामरा इलाके को इंडस्ट्रियल हब माना जाता है। यहां कई छोटे-बड़े कल-कारखाने है। लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए भी जोरहाट के यात्रियों को दिन व रात के समय मरियानी जाना पड़ता है। मालगाड़ी एवं जोरहाट आने वाली कुछ यात्री ट्रेनों की आवाजाही से चिनामरा रेलवे फाटक बंद हो जाता है। ऐसे में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, लेकिन ओवरब्रिज के शुरू होने से लोंगो को बड़ी राहत मिलेगी।
भाजपा सरकार ने जोरहाट के विकाश पर विशेष जोर दिया है।पिछले 10 वर्षो में शहर में तीन रेल ओवरब्रिज एवं एक फ्लाईओवर का निर्माण हुआ है। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या से लोंगो को बड़ी राहत मिली है। जोरहाट के विधायक हितेंद्र नाथ गोस्वामी की दूरदर्शी सोच का नतीजा है कि शहर की सूरत व सीरत दोनों बदल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai

