home page

श्मशान आधुनिकीकरण के लिए केंद्रीय मंत्री मार्घेरिटा ने की एक करोड़ के अनुदान की घोषणा

 | 
श्मशान आधुनिकीकरण के लिए केंद्रीय मंत्री मार्घेरिटा ने की एक करोड़ के अनुदान की घोषणा


जोरहाट (असम), 11 नवंबर (हि.स.)। जोरहाट में आज आयोजित कार्यक्रम में जोरहाट तराजन श्मशान के आधुनिकीकरण के लिए केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री पवित्र मार्घेरिटा ने अपने सांसद विकास निधि से एक करोड़ रुपये के अनुदान की घोषणा की।

साथ ही उन्होंने औपचारिक रूप से घोषणा की कि गोलाघाट जिले के देरगांव से शिवसागर जिले के जांजी तक और जोरहाट जिले के एक विस्तृत क्षेत्र को लाभान्वित करने वाले इस तराजन श्मशान के विकास के लिए वे अन्य स्रोतों से भी एक करोड़ रुपये और उपलब्ध कराएंगे।

उल्लेखनीय है कि जोरहाट नागरिक समाज के तत्वावधान में श्रीमंत शंकरदेव कला-कृष्ण अनुसंधान केंद्र के सभागार में आयोजित गणतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ शीर्षक संगोष्ठी में भाग लेने आए केंद्रीय मंत्री ने संगोष्ठी में अपना संबोधन देने से ठीक पहले यह घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि गोलाघाट, शिवसागर और जोरहाट जिले का विस्तृत क्षेत्र इस श्मशान पर निर्भर है। मंत्री की इस घोषणा से लोगों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता पूरी होगी।

आयोजन समिति के मीडिया सेल के संयोजक देबोजित हजारिका ने बताया कि जोरहाट के वरिष्ठ नागरिक पार्थ सारथी बरुवा की अध्यक्षता में आयोजित गणतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ संगोष्ठी में केंद्रीय मंत्री के अलावा जोरहाट के विधायक हितेन्द्र नाथ गोस्वामी, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष शांतनु पूजारी, पूर्व जिला अध्यक्ष कामाख्या मोहन दास सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai