home page

जोरहाट में भारत माता पूजन का सफल समापन, मंत्री बिमल बोरा हुए शामिल

 | 

जोरहाट (असम), 23 अक्टूबर (हि.स.)। जोरहाट में मधुकर सेवा न्यास की ओर से 17 से 21 अक्टूबर तक आयोजित भारत माता पूजन-2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम आयोजन समिति के एक पदाधिकारी ने आज आयोजन से संबंधित जानकारी मीडिया के साथ साझा करते हुए कहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ असम सरकार के कैबिनेट मंत्री विमल बोरा ने किया।

पदाधिकारी ने कहा कि आयोजन समिति के अध्यक्ष तथा मरियानी के विधायक रूपज्योति कुर्मी की देखरेख में आयोजित उद्घाटन समारोह में जोरहाट के विधायक हितेंद्रनाथ गोस्वामी, मधुकर सेवा न्यास के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के जोरहाट जिला अध्यक्ष शांतनु पुजारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम में असम की समृद्ध लोक-संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, संगीत, नृत्य और भक्तिमूलक प्रस्तुतियों को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया गया। भारत माता पूजन के अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति, असम की स्वदेशी सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का अनूठा संगम देखने को मिला। पांच दिनों तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में जोरहाट के विधायक हितेंद्रनाथ गोस्वामी, तिताबर के विधायक धीरज गोवाला और टियोक के विधायक विकास सैकिया ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण 108 कन्याओं का कन्या पूजन रहा। वंदे मातरम्’ पर मनमोहक नृत्य ने मोहा मन कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में ‘वंदे मातरम्’ गीत पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति शामिल रही। इसके अलावा, भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका और लोकप्रिय कलाकार जुबीन गर्ग को समर्पित विशेष सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित की गई।

असम के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गीत और नृत्य के माध्यम से दोनों महान सांस्कृतिक हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह के समापन अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार वितरित किए गए।

स्वर्गीय किरण बाला देवी की स्मृति में आयोजित दिहानाम प्रतियोगिता के पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने प्रदान किए, जबकि ‘वंदे मातरम्’ गीत पर आधारित नृत्य प्रतियोगिता के पुरस्कार समाजसेवी सिद्धार्थ बरुआ ने प्रदान किए। समापन समारोह में जोरहाट महाविद्यालय के प्राचार्य सौमित्र पुजारी, काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कामाख्या प्रसाद तासा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai