home page

हिन्दी हाई स्कूल को विधायक ने प्रदान किया अनुदान

 | 

-विद्यालय में बहुमंजिला भवन निर्माण का दिया आश्वासन

जोरहाट (असम), 26 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के दिगंबर चौक स्थित हिन्दी हाई स्कूल को आज जोरहाट के विधायक हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने विधायक कोष से दो लाख रुपए का अनुदान प्रदान किया। आज विद्यालय में आयोजित एक सादे समारोह में विधायक गोस्वामी ने अनुदान राशि की पहली किस्त का चेक विद्यालय को दिया। इस दौरान अपने संबोधन में विधायक गोस्वामी ने विद्यालय के विकास तथा बहुमंजिला भवन निर्माण के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय से भवन निर्माण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय को हर प्रकार का सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिया। उल्लेखनीय है कि विधायक कोष से प्राप्त राशि द्वारा विद्यालय में निर्माण कार्य को आगे बढाया जाएगा।

सभा के आरंभ में विद्यालय के प्रधानाध्यापक स्कंद कुमार मिश्र ने विद्यालय की आवश्यकताओं पर विधायक का ध्यान आकर्षित करते हुए सहयोग की अपील की। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कंचन झा, उपाध्यक्ष अजय प्रकाश कर्ण, पूर्व प्रधानाध्यापक शरद प्रकाश कर्ण, पूर्व सहायक प्रधानाध्यापिका मीरा दत्त तामुली, इलाके की पार्षद कल्पना कलीता बोरा, हिन्दी एलपी स्कूल के सचिव परशुराम झा, पूर्व छात्र सतीश राय, पूर्व शिक्षक पार्थ सारथी भट्टाचार्य समेत प्रबंध समिति के सदस्य, अन्य गणमान्य व्यक्ति व शिक्षक शिक्षिका उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन कमलेश राय ने किया। कार्यक्रम के पश्चात विधायक ने सभी कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai