नगांव के जाजरी में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
नगांव (असम), 31 मई, (हि.स.)। नगांव जिले के जाजरी क्षेत्र में रविवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रिंकू दास के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल भी देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रिंकू दास शनिवार को अपनी प्रेमिका के घर गया था। परिजनों का आरोप है कि वह वहां से जीवित वापस नहीं लौटा और बाद में उसका शव घर पहुंचाया गया, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रेमिका के परिवार ने सुनियोजित तरीके से रिंकू दास की हत्या की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, जिसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को भी शामिल किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

