असम के जयसागर तालाब में भारतीय वायुसेना ने किया युद्धाभ्यास
शिवसागर (असम), 25 जून (हि.स.)। असम के शिवसागर जिले स्थित ऐतिहासिक जयसागर तालाब में गुरुवार को भारतीय वायुसेना ने युद्धाभ्यास किया। इस दौरान वायुसेना के जवानों ने अपनी परिचालन क्षमता और त्वरित तैनाती कौशल का प्रदर्शन किया।
करीब आधे घंटे तक चले इस अभ्यास में हेलिकॉप्टरों के माध्यम से विभिन्न सैन्य गतिविधियां संचालित की गईं। युद्धाभ्यास के दौरान पैराट्रूपरों ने आकाश मार्ग से हेलिकॉप्टरों से सीधे जयसागर तालाब में छलांग लगाई, जिससे उपस्थित लोगों में उत्सुकता का माहौल बन गया।
यह अभ्यास विशेष परिस्थितियों में हवाई अभियान संचालन और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को परखने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। वायुसेना के जवानों ने सफलतापूर्वक अपने निर्धारित अभियानों का प्रदर्शन किया।
युद्धाभ्यास को देखने के लिए जयसागर तालाब के किनारे बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने वायुसेना के इस रोमांचक प्रदर्शन को उत्साह के साथ देखा और जवानों के कौशल की सराहना की।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

