शोणितपुर के जामुगुरीहाट में मुख्यमंत्री ने टाइल्स एवं दुग्ध प्रसंस्करण उद्योग का किया उद्घाटन
शोणितपुर (असम), 08 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज शोणितपुर जिलांतर्गत जामुगुरीहाट में दो उद्योगों का शुभारंभ किया। उन्होंने दोनों उद्योगों को असम के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
शोणितपुर में दोनों उद्योगों के उद्घाटन के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शोणितपुर के जामुगुरीहाट में दो महत्वपूर्ण उद्योगों का शुभारंभ करके खुशी हो रही है। एक ओर 250 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित 'एलेम्बी सेरामिक्स' का टाइल्स उत्पादन उद्योग और दूसरी ओर कन्यका विपणन क्षेत्र की रोजाना 20,000 लीटर क्षमता वाली दुग्ध संसाधन परियोजना।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत की पहली ग्लेज्ड विट्रीफाइड टाइल्स उत्पादन परियोजना के रूप में एलेम्बी सेरामिक्स 325 से अधिक प्रत्यक्ष और लगभग 1,000 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेगी। अब तक बाहर से आयात किए जाने वाले टाइल्स अब असम में उत्पादन होंगे और असम के साथ-साथ पूरे पूर्वोत्तर भारत के बाजार में जाएंगे।
इसी तरह, कन्यका की दुग्ध संसाधन परियोजना दूध के संग्रह से लेकर प्रसंस्करण, मूल्य संवर्द्धन, पैकेजिंग और शीतल श्रृंखला प्रबंधन तक पूरी प्रणाली को मजबूत करेगी। इसके जरिए हमारे दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था और ज्यादा मजबूत होगी। उद्योग से रोजगार, कृषि और दुग्ध क्षेत्र से आय- असम के विकास की इन दोनों धारा को एक साथ आगे बढ़ाने का समय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सही में अच्छा लग रहा है कि असम अब नए अवसरों के द्वार खोलकर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

