'आधे उद्यमियों ने सीएमएएए की राशि का सदुपयोग नहीं किया': उद्योग मंत्री बिमल बोरा
गुवाहाटी, 17 जुलाई (हि.स.)। असम के उद्योग मंत्री बिमल बोरा ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान (सीएमएएए) के तहत प्रथम चरण में वित्तीय सहायता प्राप्त करने वाले लगभग 50 प्रतिशत उद्यमी राशि का समुचित उपयोग नहीं कर सके, जिसके कारण वे योजना के दूसरे चरण की अतिरिक्त सहायता से वंचित रह गए।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री ने बताया कि योजना के प्रथम चरण में 25,277 लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई थी। इनमें से निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले केवल 12,331 उद्यमियों का ही दूसरे चरण में अतिरिक्त एक लाख रुपये की सहायता के लिए चयन किया गया।
उन्होंने बताया कि सीएमएएए 2.0 के तहत 74,694 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी पात्र आवेदकों को 75,000 रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है, जबकि शेष 25,000 रुपये जुलाई के बाद प्रदान किए जाएंगे।
मंत्री बिमल बोरा ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान को हर हाल में सफल बनाना चाहती है और लाभार्थियों से योजना की राशि का सही उपयोग कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

