जापान के प्रधानमंत्री का प्रस्तावित असम दौरा निवेश के नए द्वार खोलेगा : बिमल बोरा
गुवाहाटी, 09 जुलाई (हि.स.)। असम के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री बिमल बोरा ने गुरुवार को कहा कि जापान के प्रधानमंत्री का प्रस्तावित असम दौरा राज्य में निवेश और औद्योगिक सहयोग के नए द्वार खोल सकता है। मंत्री बोरा आज असम विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि असम के लोग इस प्रस्तावित यात्रा को लेकर उत्साहित हैं और उम्मीद है कि इससे जापानी निवेशकों के साथ-साथ अन्य पड़ोसी देशों के निवेशकों का भी राज्य की ओर आकर्षण बढ़ेगा।
बोरा ने कहा कि असम ने उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार प्रगति की है। बेहतर आधारभूत संरचना और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण राज्य घरेलू और विदेशी निवेशकों के लिए तेजी से पसंदीदा गंतव्य बन रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जापान के प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा से दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और मजबूत होगा, निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा तथा विनिर्माण, आधारभूत संरचना, प्रौद्योगिकी और व्यापार जैसे क्षेत्रों में नए अवसर सृजित होंगे।
मंत्री ने कहा कि विदेशी निवेश में वृद्धि से असम के आर्थिक विकास को गति मिलेगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पूर्वोत्तर भारत के उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में राज्य की स्थिति और मजबूत होगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

