home page

असम में 501 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा कास्टिक सोडा संयंत्र

 | 
असम में 501 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा कास्टिक सोडा संयंत्र


गुवाहाटी, 10 नवंबर (हि.स.)। असम में औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 501 करोड़ रुपये के निवेश से कास्टिक सोडा विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने की योजना है। इस परियोजना से राज्य की बाहरी आपूर्ति पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रस्तावित परियोजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कास्टिक सोडा नुमलीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) की रिफाइनिंग प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण रासायनिक पदार्थ है।

वर्तमान में एनआरएल अपनी आवश्यकता के लिए हर साल हजारों मीट्रिक टन कास्टिक सोडा असम के बाहर के आपूर्तिकर्ताओं से खरीदता है। राज्य में ही इस रसायन के उत्पादन की व्यवस्था होने से इसकी उपलब्धता आसान होगी तथा परिवहन और लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी।

प्रस्तावित संयंत्र से राज्य सरकार के राजस्व में वृद्धि और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की भी संभावना है।

एक अन्य जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने दिल्ली से दिसपुर को जोड़ने वाले प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की परिकल्पना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हाईस्पीड रेल संपर्क से देश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय घटेगा। इससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

दोनों पहल असम में औद्योगिक आधार मजबूत करने, बुनियादी ढांचे का विस्तार करने और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देने की सरकार की व्यापक योजना को दर्शाती हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश