होजाई के नंदपुर गांव में एसएसबी ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गुवाहाटी, 18 अगस्त (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की “जी” समवाय ने मंगलवार को होजाई के नंदपुर गांव में स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान का आयोजन प्रथम वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में “जी” समवाय, होजाई के समवाय प्रभारी इंस्पेक्टर (जीडी) मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में एसएसबी के जवानों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान नंदपुर गांव के विभिन्न उपयुक्त स्थानों पर फलदार, छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों को पौधों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। समवाय प्रभारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं। वे स्वच्छ वायु, छाया और फल प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाना तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
समवाय प्रभारी ने स्थानीय नागरिकों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पौधारोपण किया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए वृक्षों और पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
अभियान के माध्यम से “एक पौधा लगाएं, उसकी देखभाल करें और पर्यावरण को सुरक्षित बनाएं” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ एसएसबी और स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय एवं सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत किया।
एसएसबी के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य हरित क्षेत्र में वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को प्रकृति और वृक्षों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें एसएसबी जवानों और स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।---------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

