मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान के तहत 50 हजार युवाओं को मिलेगा उद्यमी बनने का अवसर
गुवाहाटी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को घोषणा की कि मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान के तहत राज्य के 50 हजार और युवा उद्यमियों को अपने सपनों को व्यवसाय में बदलने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक लाइव के माध्यम से कहा कि असम का भविष्य राज्य के ऊर्जावान युवा पीढ़ी के हाथों में है। युवाओं के सपनों, क्षमताओं और रचनात्मकता को वास्तविक रूप देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत आवेदन पोर्टल एक जनवरी से खोल दिया जाएगा। इसके माध्यम से इच्छुक युवा अपने उद्यम स्थापित करने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने युवाओं से अपनी प्रतिभा, क्षमता और उद्यमशीलता का उपयोग कर राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के बीच स्वरोजगार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपने व्यावसायिक विचारों को वास्तविक उद्यम में बदलने का अवसर प्रदान करना है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

