हैलाकांदी में ट्रक के टैंक से दो किलो हेरोइन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
हैलाकांदी (असम), 28 नवंबर (हि.स.)। असम के हैलाकांदी जिले में नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब दो किलो हेरोइन बरामद की है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त हेरोइन की बाजार कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि रामनाथपुर पुलिस चौकी की टीम ने बीती रात असम-मिजोरम सीमा पर नाका चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की। मिजोरम की ओर से आ रहे एक ट्रक (एएस-27सी-7358) को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान ट्रक के टैंक से करीब दो किलो हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान समीर उद्दीन और फरीज उद्दीन के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों से रामनाथपुर पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। -----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

