निर्माणाधीन तामुलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल का स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने किया निरीक्षण
- चार महीने बाद ओपीडी सेवा शुरू होने की उम्मीद, अगले वर्ष शुरू होगी पढ़ाई
तामुलपुर (असम), 04 अगस्त (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने मंगलवार को तामुलपुर के संरक्षक मंत्री जयंत मल्ल बरुवा के साथ निर्माणाधीन तामुलपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। लगभग 170 बीघा भूमि में बन रहे इस मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के आत्मनिर्भर, प्रगतिशील और सुरक्षित असम के विजन की झलक अब दूर-दराज के क्षेत्रों में भी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि तामुलपुर में इतने आधुनिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना कभी लोगों की कल्पना से भी परे थी और यह मुख्यमंत्री द्वारा किए गए वादों को पूरा करने का प्रमाण है।
सिंघल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष 10 प्रतिशत कार्य अगले चार महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अस्पताल की बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की स्वीकृति मिलने के बाद अगले वर्ष मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र भी शुरू होने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान गोरेश्वर के विधायक विक्टर कुमार दास, बीटीसी के उप प्रमुख बिजित गौरा नर्जारी, कार्यकारी सदस्य लक्षी दास, वरिष्ठ भाजपा नेता सोमनाथ बसुमतारी, तामुलपुर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बिजित कुमार दुवरा, जिला आयुक्त सिमी करण, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुमन चक्रवर्ती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

